Chhattisgarh

ईडी भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रही है : धनेंद्र साहू

राष्ट्रीय राजमार्ग 30 स्थित सेहराडबरी बायपास में रोड जाम कर बैठे कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता।
टायर जलाकर विरोध जताते हुए एनएसयूआइ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।

धमतरी, 22 जुलाई (Udaipur Kiran) ।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी एवं कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं पर ईडी कार्रवाई के विरोध में 22 जुलाई को जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 30 सेहराडबरी बायपास के पास सड़कजाम किया। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात थी। इस अवसर पर उपस्थित कार्यक्रम प्रभारी पूर्व विधायक अभनपुर धनेंद्र साहू ने आरोप लगाया है कि ईडी भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रही है। ईडी बदले की भावना से कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा मंगलवार को ईडी कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में आर्थिक नाकेबंदी सड़कजाम किया गया। इस दौरान एंबुलेंस, स्कूल एवं दुपहिया वाहनों को आने जाने में छूट दी गई। कांग्रेसियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर रोड जामकर कर केंद्र एवं राज्य के भाजपा सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक धनेंद्र साहू ने कहा कि भाजपा सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस के नेताओं को लगातार ईडी द्वारा जबरन झूठे आरोप लगाकर प्रकरण बना के जेल भेजा रहा है। पूर्व मंत्री कवासी लखमा जेल में बंद है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल जो राजनीति में भी नहीं है उनको भी द्वेषवश बदले की भावना के तहत ईडी के द्वारा जेल भेजा गया है। ये पूरी तरह लोकतंत्र का गला घोट रहे हैं। जिलाध्यक्ष शरद लोहाना ने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। विधायक धमतरी ओंकार साहू ने कहा कि जब से केंद्र एवं राज्य में भाजपा की सरकार आई है कांग्रेस के नेताओं को परेशान करने का प्रयास कर रहे हैं। केंद्र की एजेंसी को कांग्रेसियों के पीछे लगाए है। पहले देवेंद्र यादव, फिर कवासी लखमा और अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर ईडी ने बर्बरता पूर्वक कार्रवाई की गिरफ्तार किया है।

जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने कहा कि लगातार ईडी और सीबीआई के द्वारा कांग्रेस के बड़े नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा है। ईडी कार्यालय बुलाकर घंटों पूछताछ की जा रही है। बिना नोटिस एवं वारंट के जेल में बंद किया जा रहा है। भाजपा विपक्ष की आवाज नहीं दबा सकती। जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर ने कहा कि भाजपा सरकार ईडी का सहारा लेकर विपक्ष की आवाज दबाना चाह रही है, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता झुकने और दबने वाले नहीं है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जमीनी लड़ाई लड़ने को तैयार है। इस दौरान विधायक सिहावा अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, डा लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व महापौर विजय देवांगन, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य तारिणी चंद्राकर, दीपक सोनकर, विशु देवांगन, मनोज साक्षी, विपिन साहू, आलोक जाधव, गजानंद रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

राष्ट्रीय राजमार्ग में सड़कजाम कार्यक्रम के दौरान एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने दो बार टायर जलाकर कर ईडी की कार्रवाई पर विरोध जताया। आग बुझाने के दौरान रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा बाल – बाल बचे। इनके बाएं हाथ में आग से चोट आई है। जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि यह लड़ाई संविधान, लोकतंत्र एवं जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है, जो निरंतर जारी रहेगी।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top