Madhya Pradesh

अनूपपुर: फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण में देरी को लेकर भगवा पार्टी 22 नवंबर को निर्माण स्थल के नीचे करेंगी सद्बुद्धि हवन यज्ञ

पंडित कन्हैया लाल मिश्रा और निर्माणाधीन पुल

अनूपपुर, 18 नवंबर (Udaipur Kiran) । दो भागों में बटा मध्य प्रदेश का अनूपपुर नगर एक होने की प्रतीक्षा कर है। इसके लिए 9 वर्ष से अधिक समय से फ्लाई ओवर का निर्माण कछुए की गति से चल रहा है। गांव से लेकर से केंद्र तक डबल इंजन की सरकार है। भारतीय गण वार्ता पार्टी (भगवा) शनिवार, 22 नवंबर को प्रातः 11 बजे फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण स्थल के नीचे सद्बुद्धि यज्ञ हवन कर कुभंकरणी नींद से उठाने का प्रयास करेंगी।

जिला अध्यक्ष पंडित कन्हैया लाल मिश्रा मंगलवार को बताया कि अनूपपुर नगर के बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में हो रही लगातार देरी को लेकर भगवा पार्टी ने शांतिपूर्ण, रचनात्मक और सनातन परंपराओं पर आधारित सद्बुद्धि हवन यज्ञ आयोजित करने का निर्णय लिया है। शनिवार,22 नवंबर को प्रातः 11 बजे से होगा जिसमे नगर से सभी जनों और सभी वर्ग के लोग शामिल होंगे।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम को प्रतीकात्मक रूप से अधिक प्रभावी बनाने के लिए हवन स्थल ओवरब्रिज के नीचे ही निर्धारित किया गया है, ताकि प्रशासन और शासन का ध्यान सीधे तौर पर इस लंबे समय से लंबित निर्माण कार्य की ओर आकृष्ट हो सके। सनातन परंपरा में जब किसी महत्वपूर्ण कार्य में बार-बार बाधाएँ आती हैं,तो मार्गदर्शन और कार्यसिद्धि के लिए यज्ञ किया जाता है। उन्होंने कहा कि जब प्रभु श्रीराम को लंका में सेतु निर्माण की आवश्यकता हुई थी, तब भगवान विश्वकर्मा के पुत्र नल-नील ने मात्र 5 दिनों में समुद्र पर पुल का निर्माण कर दिया था। इसके विपरीत अनूपपुर में ओवरब्रिज निर्माण को प्रारंभ हुए नौ वर्ष हो चुके हैं,फिर भी कार्य पूरा न होने से शहर का विकास, व्यापार,यातायात और जनजीवन गंभीर रूप से प्रभावित है। इसी स्थिति को देखते हुए भगवा पार्टी ने निर्माण एजेंसी,रेलवे प्रशासन,मध्यप्रदेश शासन,सेतु निर्माण अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ठेकेदारों को सद्बुद्धि प्राप्त हो और कार्य में तेजी आए,इस कल्याणकारी भावना से यज्ञ का आयोजन किया है। हवन के उपरांत प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।

जनमानस से अपील

पं.कन्हैया लाल मिश्रा ने अनूपपुर जिले के प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं,युवाओं,धर्मप्रेमियों एवं मीडिया से आह्वान किया है कि वे इस शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक आंदोलन में सहभागिता कर जिले की विकास यात्रा को गति देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। यह पहल न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से प्रेरणादायक है, बल्कि अनूपपुर की विकासाधारित समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सामूहिक संकल्प का सशक्त संदेश भी देती है।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला