
फर्रुखाबाद, 21 नवंबर (Udaipur Kiran) । डॉक्टर राममनोहर लोहिया अस्पताल में डॉक्टर रोहित तिवारी ने उच्च-जोखिम सर्जरी की है। उन्होंने 13.5 किलो का जानलेवा ट्यूमर हटाकर 45 वर्षीय महिला की जान बचाई है।
शहर क्षेत्र की रहने वाली पूनम (45 ) कई महीनों से गंभीर समस्याओं से जूझ रही थीं। पेट में तेज़ी से बढ़ते ट्यूमर के कारण आंतों में रुकावट, पेशाब रुकना, बढ़ता दर्द, भूख कम, चलने-फिरने में कठिनाई हो रही थी। जांच में पता चला कि पेट में विशाल ट्यूमर मौजूद है। जो आंतों व मूत्राशय को दबाकर स्थिति को लगातार खराब कर रहा है। महिला बताती है कि निजी अस्पतालों ने ऑपरेशन का खर्च ₹5 लाख से अधिक बताया। कानपुर मेडिकल कालेज ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली में सर्जरी की तारीख 2 साल बाद दी गई। स्थिति गंभीर थी और तुरंत सर्जरी की आवश्यकता थी।
डॉक्टर रोहित तिवारी ने मामले की गंभीरता समझते हुए तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया। कई घंटे चली सर्जरी के बाद 13.5 किलो का खतरनाक ट्यूमर सुरक्षित रूप से हटाया। पूनम खुद खड़ी होकर चलने में सक्षम हो गईं। सीएमओ डॉक्टर अम्बरेश कुमार ने डॉक्टर रोहित के कार्य की सराहना की है।
(Udaipur Kiran) / Chandrapal Singh Sengar