
जयपुर, 11 नवंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश में शीतलहर देखने को मिल सकती है। टोंक और सीकर में शीतलहर के चलते पारे में गिरावट आने की संभावना है। प्रदेश के 9 शहरों का रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 6.9 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही।
मौसम विभाग के अनुसार फतेहपुर के अलावा सीकर का न्यूनतम तापमान 7.5, सिरोही का 8.1, नागौर का 8.3, दौसा का 8.8, चूरू का 9.3, अंता बारां का 9.4, पिलानी 9.5 और लूणकरणसर का 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में मौसम साफ रहा और हल्की हवाएं चली। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर शहर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है। इससे राज्य में 12 नवम्बर को टोंक और सीकर में अगले 5 दिन तक शीतलहर चलने की संभावना है। सोमवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश