
कानपुर, 24 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में अशोक नगर स्थित सेंट फ्रॉसिस जेवियर्स चर्च में खीस्त राजा का त्यौहार धूम-धाम से मनाया गया। ईसा मसीह की पूजा बलिदान से समारोह का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता सेन्ट थॉमस स्कूल के प्रधानाचार्य फादर थॉमस कुमार उपस्थित रहे। यह जानकारी सोमवार को सेंट फ्रॉसिस जेवियर्स इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर राजेश साइमन ने दी।
फादर राजेश साइमन ने बताया कि सेंट थॉमस चर्च किदवई नगर, सेंट पैट्रिक चर्च कैंण्ट, सेंट जोसेफ चर्च चकेरी, सेंट जेवियर्स चर्च नारामऊ तथा स्नेहालय चंदारी, मरियमपुर स्कूल, मरियमपुर हॉस्पिटल, फातिमा कान्वेंट व स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल जाजमऊ, सेंट जॉन्स चर्च, फतेहपुर एवं सेंट मेरीज़ स्कूल खागा से आये कैथोलिक खीस्तीय विश्वासियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
उन्होंने बताया कि मिस्सा बलिदान में सेंट फ्रॉसिस जेवियर्स चर्च के पल्ली पुरोहित फादर के० के० ऐन्टनी कानपुर के अन्य फादर्स रेव० फा० राजेश साइमन, फा० ऐन्टनी स्वामी, फा० थॉमस कुमार, फा० अनिल, फा० हेराल्ड, फा० फ्रांसिस जेवियर, फा० आर्चीबाल्ड डिसिल्वा, फा० दानतिस व अन्य पुरोहित मौजूद रहे।
फादर राजेश ने बताया कि पूजा अर्चना के बाद भक्तों द्वारा परम प्रसाद की धार्मिक यात्रा निकाली गयी। जिसकी अगुवाई सेन्ट पैट्रिक चर्च के पल्ली पुरोहित फादर लैन्सी डिकुन्ना ने की। श्रद्धालु गण हाथों में जलती मोमबत्ती लेकर अशोक नगर-हर्ष नगर के विभिन्न रास्तों से होते हुए तथा भजन और प्रार्थना करते हुए सेंण्ट फ्रॉसिस चर्च, अशोक नगर में एकत्र हुए।
मुख्य वक्ता सेन्ट थॉमस स्कूल के प्रधानाचार्य फादर थॉमस कुमार ने खीस्त राजा के पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खीस्तीय विश्वासी सदियों से दुनिया के अधिपति राजा-राजेश्वर प्रभु येसु मसीह का यह त्यौहार मनाते आ रहे हैं। यह अनोखा राजा किसी तलवार या हिसंक हथियारों से नहीं बल्कि अपने सेवा-प्रेम व आत्म बलिदान से लोगों के दिलों पर राज कर रहा है। यह राजा अपने शत्रुओं को प्रेम करना और अपने बैरियों के लिए प्रार्थना करना सिखाता है। यह अपने को राजा नहीं अपितु सेवक के रूप में प्रदर्शित करते हुए खुद अपने शिष्यों के पांव धोकर सेवा के महत्व को समझाता है। येसु रथ या हाथी पर सवार होकर नहीं अपितु गधे पर सवार होकर अपनी नम्रता से लोगों का दिल जीतते हैं और नम्र एवं दीनों को ही स्वर्ग राज्य का भागीदार बनाते हैं।
इस मौके पर मनोज मैकार्टिस, मरियम मैकार्टिस, रूपा, रंजना, पूर्णिमा, रिया, रानी, सोनी आदि मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद