Delhi

लूट के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार

पुलिस का लोगो

नई दिल्ली, 1 नवंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज ने एक भगाेड़े को गिरफ्तार किया है, जो साउथ कैंपस थाने में दर्ज लूट के एक मामले में पिछले 11 साल से फरार चल रहा था। पकड़े गए आरोपित की पहचान महिपालपुर निवासी लव कुश (35) के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच

के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने शनिवार को बताया कि आरोपित के खिलाफ 24 अप्रैल 2013 को थाना साउथ कैंपस में लूटपाट का मामला दर्ज किया गया था। वह लंबे समय तक फरार रहा। जिसके बाद 13 जून 2025 को पटियाला हाउस कोर्ट, नई दिल्ली के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट सहिल मोंगा ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार 31 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि फरार आरोपित लव कुश महिपालपुर इलाके में देखा गया है। सूचना को पुख्ता कर पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी के बाद आरोपित के ठिकाने का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि आरोपित लव कुश दिल्ली में टैक्सी चलाता था। वर्ष 2013 में एक यात्री राजू कुमार राम के साथ किराये को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद के दौरान उसने यात्री के साथ मारपीट की और उसके सामान की लूटपाट कर ली। उसी मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया।

जांच में पता चला है कि आरोपित लव कुश का जन्म 1990 में उप्र के फतेहपुर जिले के मादरी गांव में हुआ। उसने 10वीं तक पढ़ाई की और 2013 में रोजगार की तलाश में दिल्ली आ गया। यहां पिता के साथ रहकर ड्राइवर का काम शुरू किया, लेकिन उसी साल अपराध की राह पर चल पड़ा।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top