Uttar Pradesh

आधी आबादी बढ़ेगी तो समाज बढ़ेगा : मुख्यमंत्री योगी

जनसुनवाई करते मुख्यमंत्री योगी

-फिक्की फ्लो के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 21 नवम्बर(Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज आत्मनिर्भर और प्रगति तभी करता है, जब ऐसे संगठन नेतृत्व करते हैं और सरकार उन्हें पीछे से सपोर्ट करती है। मुख्यमंत्री ने फिक्की फ्लो के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आधी आबादी बढ़ेगी तो समाज बढ़ेगा। आधी आबादी आत्मनिर्भर होगी तो देश-प्रदेश भी आत्मनिर्भर होगा। आधी आबादी विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संकल्पित होगी तो भारत को विकसित होने से कोई रोक नहीं सकता। जितनी सशक्त भागीदारी पुरुषों की है, उससे भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी महिलाएं निर्वहन कर सकती हैं। महिलाएं आज हर क्षेत्र में समाज का नेतृत्व कर रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित फिक्की फ्लो के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए। सीएम योगी ने फिक्की फ्लो के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि 20 चैप्टर में 16 हजार से अधिक प्रोफेशनल्स आपके साथ जुड़े हैं, लेकिन 140 करोड़ के भारत में यह संख्या कम है। आपने 11 वर्ष में बदलते हुए भारत को देखा है। देश ने अलग-अलग क्षेत्र में प्रगति की है। भारत की अभूतपूर्व प्रगति दुनिया को आकर्षित करती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने खुद को चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया है। नया भारत सबसे तेज गति से उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में है। हम बहुत जल्द तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे। इसमें प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन, नेतृत्व है लेकिन अर्थव्यवस्था को लीड वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कर रही हैं। उनके नेतृत्व में भारत नई गति दे रहा है। आधी आबादी को नजरअंदाज करके समाज स्वावलम्बी व आत्मनिर्भर नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि साढ़े 8 वर्ष पहले हमें जब सत्ता मिली थी, तबके यूपी की स्थिति किसी से छिपी नहीं हैं। असुरक्षा का वातावरण, कानून व्यवस्था तार-तार, दंगे होते थे। बेटी, बाजार, व्यापारी, उद्यमी भी सुरक्षित नहीं थे। यूपी की बागडोर जब हमारे हाथ में आई, तब हमने सुरक्षा को प्राथमिकता दी और प्रदेश सरकार ने अपराध व अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य प्रारम्भ किया। आज देश में यूपी की कानून व्यवस्था मॉडल के रूप में जानी जाती है। जिस प्रदेश में निवेश आता नहीं था और पुराने निवेश भी बाइंडअप करके लोग बाहर निकलना चाहते थे, वहां सुरक्षा के अहसास और सरकार के ईमानदारी से किए गए प्रयास का परिणाम है कि उस प्रदेश में पिछले 8 वर्ष में 45 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव लाने में सफलता हासिल हुई। 15 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव की सफलतापूर्वक ग्राउंड ब्रेकिंग करा चुके हैं। बहुत जल्द 5 लाख करोड़ के नए निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की कार्रवाई को बढ़ाएंगे। निवेश आया तो रोजगार भी बढ़ा।

योगी ने कहा कि जब हम सत्ता में आए थे तो वीमेन वर्कफोर्स महज 12 से 15 फीसदी था। आज यह संख्या 35-36 फीसदी (8 वर्ष में तीन फीसदी बढ़ोतरी) हुई। 2017 में यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या केवल 10 हजार थी। उनमें से कुछ रिटायर भी हुई होंगी। आज यूपी पुलिस में 44,000 महिला कार्मिक हैं। हमने 20 फीसदी महिलाओं की भर्ती अनिवार्य की। स्कूली शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों आदि सेक्टरों में महिलाओं का कार्य काफी बेहतरीन है। आज यूपी के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 1.60 करोड़ से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। इसमें बालिकाओं की संख्या अधिक है।

मुख्यमंत्री योगी ने रेडिमेड गारमेंट्स का जिक्र किया और कहा कि ग्लोबल मार्केट में बांग्लादेश की स्थिति में लगातार गिरावट है। रेडिमेड गारमेंट्स में उसकी पकड़ छूट रही है। भारत उस मार्केट पर पकड़ बना सकता है। योगी ने यूपी सरकार की पॉलिसी का जिक्र करते हुए बताया कि प्लेज पार्क की स्कीम लागू किया गया है। प्राइवेट पार्टी को 10 से लेकर 50 एकड़ में उद्यम स्थापित करने के लिए सरकार प्रति एकड़ के हिसाब से सब्सिडी उपलब्ध कराती है। अब तक यूपी में 12 प्लेज पार्क स्थापित हैं। सीएम-युवा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इस नई स्कीम के बारे में बताया कि पहले वर्ष में पांच लाख रुपये का ब्याज मुक्त लोन उपलब्ध करा रहे हैं। लगभग एक लाख उद्यमी इस स्कीम का लाभ ले चुके हैं। पहले चरण में पांच लाख, दूसरे चरण में साढ़े सात लाख, तीसरे चरण में 10 लाख रुपये तक की सुविधा का लाभ दे रहे हैं। इस वित्तीय वर्ष तक 1.70 लाख नए उद्यमियों को जोड़ना है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नर्सिंग का कार्य जितना अच्छा महिला कर सकतीं, उतना पुरुष नहीं कर सकते। यह सेवा व रोजगार का बड़ा माध्यम है। यह सौ फीसदी प्लेसमेंट की गारंटी भी देती है। बच्चों को इसके बारे में बताने में सपोर्ट करें। बेसिक शिक्षा व आंगनबाड़ी का कार्य महिलाएं बेहतर ढंग से कर सकती हैं

इस दौरान फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम शर्मा, नेशनल सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पूजा गर्ग, संस्थापक अध्यक्ष आभा डालमिया, पूर्व अध्यक्ष रंजना अग्रवाल, वंदिता अग्रवाल, कीर्ति श्राफ आदि मौजूद रहीं।

(Udaipur Kiran) / दिलीप शुक्ला