फर्रुखाबाद,20 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद नगर क्षेत्र में बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए अब नसबन्दी अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए हरियाणा की एक संस्थान की पाँच सदस्यीय विशेष टीम शहर पहुंच चुकी है। पूरा अभियान लगभग एक साल तक चलेगा। टीम को बीबीगंज चौकी के सामने बेडारास भवन में ठहराया गया है। वहीं कुत्तों के लिए पिंजरे तैयार कर दिए गए हैं और ऑपरेशन थिएटर तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। नसबंदी किए गए कुत्तों को 7 दिन तक टीम की निगरानी में रखा जाएगा और स्वस्थ होने पर उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा। जहां से पकड़ा गया था। टीम के सदस्यों ने बताया कि कुत्तों को जाल लगे पिंजरों के माध्यम से पकड़ा जाएगा। यह टीम इससे पहले बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर समेत कई शहरों में नसबंदी अभियान सफलतापूर्वक चला चुकी है। नगर पालिका ने अक्टूबर माह में स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी हेतु टेंडर आमंत्रित किया था, जिसे झनकू फाउंडेशन (हरियाणा) ने क्वालीफाई किया। उसी के माध्यम से अब अभियान शुरू किया गया है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद विनोद कुमार ने बताया—“शासन और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार नगर के स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी कराई जा रही है। नसबंदी के बाद उन्हें उसी जगह छोड़ा जाएगा जहाँ से पकड़ा गया था।” शहरवासियों का मानना है कि नसबंदी अभियान शुरू होने से कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण लगेगा और काटने की घटनाओं में भी कमी आ सकती है।
—————
(Udaipur Kiran) / Chandrapal Singh Sengar