
वाराणसी,19 नवम्बर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारत का स्वरूप ही बदल दिया। देश की 562 रियासतों को मिलाकर उन्होंने अखंड भारत बनाया। सरदार वल्लभ भाई पटेल के 150वीं जन्म जयंती के अवसर पर बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष वाराणसी के शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल एकता पदयात्रा में शामिल होने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और शिवपुर विधायक अनिल राजभर ने किया। जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरदार पटेल अखंड भारत के शिल्पी थे। उन्होंने अपने कौशल से भारत की कई रियासतों को समर्पण कराया । उनके प्रयासों से ही भारत की सभी रियासतें अखण्ड भारत का हिस्सा बनी। उन्होंने कहा कि आज हमारा देश सांस्कृतिक रूप से हर दृष्टि से एक जुट होकर और समर्पित होकर सरदार वल्लभभाई पटेल के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह एक जन अभियान है। हम सब को मिलकर इस अभियान को सफल बनाने का काम करना है। अभियान वोकल फॉर लोकल और लोकल फॉर ग्लोबल जैसे विषयों को भी आगे लेकर जाने की प्रेरणा देगा। क्योंकि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता, सेवा और दृढ़ता की मिसाल रही है, और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर ही युवा भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इसीलिये इस अभियान के दौरान सेवा के काम करने हैं। स्वास्थ्य सेवा के लिए भी दिशा तय करनी है। नशा मुक्ति और स्वदेशी अभियान पर भी जोर देना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरदार पटेल के विचारों को लेकर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। एक भारत, श्रेष्ठ भारत बनाने की परिकल्पना उसी कार्य का एक हिस्सा है। संविधान दिवस तक प्रदेश भर में होने वाला भाजपा का जन-जागरण, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला अखंड भारत से आत्मनिर्भर भारत की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। इसके साथ ही इस अभियान का उददेश्य भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय एकता में उनकी अद्वितीय भूमिका का सम्मान करना है।
उन्हाेंने कहा सरदार पटेल के भावना को जन —जन तक पहुंचाना ही पार्टी का उद्देश्य है। विधानसभा स्तर पर यह कार्यक्रम पार्टी ने पूरे प्रदेश में आयोजित कर इसे एकता यात्रा का स्वरूप दिया है। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता और एक साथ एकत्रित होकर एक भाव से चलना ही देश की एकता का परिचायक है। इसके पहले पदयात्रा में शामिल होकर प्रदेश अध्यक्ष ने हाथ में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। पदयात्रा शिवपुर स्थित विकास इंटर कालेज से प्रारंभ होकर बड़ालालपुर, लमही होते हुए सरदार पटेल इंटर कालेज में जनसभा के रूप में परिवर्तित हुई। इसमें क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य , ज्ञानचंद पटेल, अभय प्रजापति, प्रकाश राजभर, अवनीश पाठक, रामाश्रय प्रजापति,आदि की भी मौजूदगी रही। सभा की अध्यक्षता उदय नाथ सिंह पटेल और स्वागत भाषण भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह ने दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी