Uttar Pradesh

एसआईआर अभियान मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभियान : चौधरी भूपेंद्र सिंह

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर भाजपा मुरादाबाद नगर विधानसभा की कार्यशाला काे संबाेधित करते  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  चौधरी भूपेंद्र सिंह

मुरादाबाद, 17 नवम्बर (Udaipur Kiran) । भाजपा मुरादाबाद नगर विधानसभा की कार्यशाला विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर सोमवार रात्रि में दिल्ली रोड स्थित क्लासिक बैंक्वट हाल में हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान सबसे महत्वपूर्ण अभियान है। यह अभियान मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभियान है। मतदाता पुनरीक्षण में एक भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में छूटने न पाएं इसका पूरा ध्यान रखना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रमाणिक मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र की नींव है। हमारी जिम्मेदारी है कि चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के तहत हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़ जाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न रहे। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत हर घर के दरवाजे पर दस्तक देना है।

भाजपा महानगर संगठन प्रभारी मोहन लाल सैनी ने कहा कि कहा कि मतदाता पुनरीक्षण में हर स्तर के पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें। संगठन के प्रत्येक स्तर पर बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल तक यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से न छूटे।

नगर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता व पदाधिकारी का दायित्व है कि एसआईआर अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चत करे। जिससे मतदाता सूची सत्यापित, प्रमाणिक तथा त्रुटिहीन बन सकें। जिससे आगामी चुनावों में शत प्रतिशत वोटिंग सुनिश्चित हो सके।

अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि सभी बूथ समितियां, स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर मतदाता सूची के संशोधन, नाम जोड़ने, सुधार और अपात्रों का नाम हटाने की प्रक्रिया में सक्रियता से काम करें।

बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान महानगर संयोजक दिनेश सिसौदिया, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमित जायसवाल, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, हरिओम सैनी, अश्विनी शर्मा आदि भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन एसआईआर के नगर विधानसभा संयोजक शम्मी भटनागर ने किया।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल