
प्रयागराज, 17 नवम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज के कर्मचारियों के लिए आयोजित एक विशेष भ्रमण शिविर ने हाल ही में अंडमान निकोबार द्वीपसमूह का सफल दौरा पूरा किया। इस एक सप्ताह के शिविर में महिला कर्मचारियों और यूनियन के पदाधिकारियों सहित कुल 71 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाया।
यह जानकारी वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि इस अनूठे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को भारत के विविध सांस्कृतिक और भौगोलिक परिदृश्य से परिचित कराना था, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हो सके और वे अपने कार्य के प्रति अधिक प्रेरित हों।
भ्रमण के दौरान कर्मचारियों को यात्रा के विभिन्न माध्यमों जैसे हवाई जहाज, पानी जहाज (जहाज) और बोट से यात्रा करने का अवसर मिला, जो अपने आप में एक रोमांचक अनुभव था। कर्मचारियों ने पोर्ट ब्लेयर सहित कई चर्चित एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। इनमें प्रमुख रूप से सेल्युलर जेल, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप (रॉस द्वीप), हैवलॉक (स्वराजदीप), ब्लैक स्टोन (काला पत्थर) बीच, एलिफेंटा बीच और विश्व प्रसिद्ध राधानगर बीच शामिल थे।
उन्होंने आगे बताया कि इस भ्रमण से कर्मचारियों को द्वीप समूह की स्थानीय बोली-भाषा और समृद्ध संस्कृतियों को निकटता से समझने का मौका मिला। ऐसे भ्रमण कार्यक्रम कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें नई ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस महत्वपूर्ण भ्रमण कार्यक्रम में सहायक कार्मिक अधिकारी जितेंद्र सिंह, प्रीति कुमारी, अपराजिता पटेल, रानी देवी, रामलाल मीना, विष्णु प्रसाद, रामशंकर, विकाश कुमार, मिथलेश कुमार, अरविंद कुमार पांडेय, सतीश पटेल, रामेश्वर मीना तथा पूरण मल मीना आदि कर्मचारियों ने भाग लिया।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र