Madhya Pradesh

विदिशा: करीली धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, महिला की मौत, 15 घायल, 10 की हालत गंभीर

करीली धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी

विदिशा, 17 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में साेमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हाे गया। यहां हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में करीला धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि करीब 15 लाेग घायल बताए जा रहे है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से 10 को गंभीर हालत में विदिशा रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह हिम्मतपुर के पास एक पुलिया के निकट हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण वाहन क्रमांक एमपी 04 जीबी 0776 अनियंत्रित हो गया। हैदरगढ़ के ग्राम धामनोद में रहने वाले कुशवाहा परिवार के सदस्य और उनके अन्य रिश्तेदार पिकअप वाहन से करीला धाम दर्शन करने गए थे। वापसी में ग्यारसपुर में उन्होंने रात गुजारी। साेमवार सुबह फिर हैदरगढ़ के लिए रवाना हुए और सीधा और बायपास रोड पर एक मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें तकरीबन 15 लोग सवार थे, इसमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की।

इस घटना में लक्ष्मीबाई (45) की इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्यारसपुर में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। हादसे में दस गंभीर घायलों को तत्काल विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें पांच महिलाएं, तीन लड़कियां और दो बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक डेढ़ वर्ष का बच्चा भी है। पिकअप ड्राइवर मनोहर कुशवाहा (30), एक अन्य महिला, एक 15 वर्षीय लड़की और एक पांच वर्षीय बच्ची को मामूली चोटें आई हैं। इनका इलाज ग्यारसपुर अस्पताल में जारी है। ग्यारसपुर और हैदरगढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने घटना और घटना में एक महिला के मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे