Madhya Pradesh

खेलों से हमें प्रतिस्पर्धा और सहयोग की मिलती है प्रेरणा : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन

– स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल का पुत्र होने से मुझे मिली प्रतिष्ठाः राजेन्द्र शुक्ल

भोपाल, 16 नवम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को रीवा के विश्वविद्यालय स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रीवा में खेलों के कई बड़े आयोजन होते रहे हैं। यहाँ के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा की चमक दिखाई है। खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। खेलों से हमें प्रतिस्पर्धा और सहयोग की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि खेलों में शामिल होने के साथ अच्छी खेल प्रतियोगिता को देखना भी बड़ा आनंददायक होता है। राष्ट्रीय एकता मंच ने 10 से 16 नवम्बर तक क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया। स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल के लिए जो हम लोग नहीं कर पाए उसे आयोजन समिति ने करके दिखा दिया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल का पुत्र होने पर मुझे गौरव का अनुभव होता है। मैं यदि उनका पुत्र नहीं होता तो मैं जहाँ पर हूँ वहाँ शायद नहीं होता। मेरे पिताजी के सामाजिक कार्यों और जनता की सेवा ने उन्हें यशस्वी बनाया। उनके नाम के साथ जुड़ा होने से मुझे भी बहुत प्रतिष्ठा और यश मिला।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। यहाँ फ्लड लाइट की सुविधा शीघ्र दी जाएगी जिससे रात में भी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सके। विधायक नागेन्द्र सिंह के प्रयासों से 1983 में रीवा में इसी स्टेडियम में मध्य प्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच रणजी ट्राफी प्रतियोगिता का मैच खेला गया था। अब रीवा में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स तथा अन्य स्टेडियम के रूप में खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। बड़ी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से विन्ध्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

समारोह में विधायक नागेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मैं सभी आयोजकों को बधाई देता हूं। खेल संयम और नियम का परिचायक होते हैं। सभी प्रतियोगिताएं खेल भावना से खेली जानी चाहिए। स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल ने सदैव खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। विधायक नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि खेल भावना से प्रतियोगिता में शामिल होने पर सफलता मिलती है। खेल हमें जीवन के संघर्ष में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। आभार प्रदर्शन नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय ने किया।

प्रतियोगिता का फाइनल मैच उड़ीसा और नोएडा के बीच खेला गया। रोमांचक मैच में उड़ीसा की टीम ने विजय प्राप्त की। उप मुख्यमंत्री तथा विधायक ने विजेता टीम को 10 लाख रुपये तथा ट्राफी प्रदान की। उप विजेता रेड डेविल्स नोएडा को पांच लाख रुपये तथा ट्राफी प्रदान की गई। समारोह में खिलाड़ियों और निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, राजगोपाल मिश्रचारी, मुकेश श्रीवास्तव तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

गौ-अभयारण्य के विकास से जुड़े निर्माण कार्य समय पर पूरा करें: शुक्लइससे पहले उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौ-अभयारण्य का भ्रमण किया और गौ-अभयारण्य में गायों की सेवा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौवंश की सेवा करते हुए गायों को गुड़ और चना खिलाया तथा गौ पूजा की। गौशाला के प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बसामन मामा गौ-अभयारण्य प्रदेश का पहला गौ-अभयारण्य है। इसमें लगभग आठ हजार गौवंश को आश्रय दिया गया है। इसके विकास से जुड़े निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरे कराएं।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि गौ-अभयारण्य निराश्रित और असहाय गायों को आश्रय देने के साथ गोबर से खाद तथा अन्य उत्पाद बनाने के केन्द्र के रूप में भी विकसित हो रहा है। गायों को ठंड से बचाने के लिए भी समुचित प्रबंध करें। पशु चिकित्सक नियमित रूप से गायों के स्वास्थ्य की जाँच करें।

(Udaipur Kiran) तोमर