
आगरमालवा, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । भगवान बिरसा मुंडा शौर्य एवं पराक्रम के प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध स्वतंत्रता के संघर्ष का शंखनाद किया और समाज को संगठित कर राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले स्वाधीनता सेनानी तैयार किए। यह बात शनिवार को मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने कही।
जिला मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन, गांधी उपवन में आयोजित समारोह में मंत्री परमार ने जनजातीय गौरव भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सभी को भगवान बिरसा मुंडा जी की जन्म जयंती की शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मो जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना गया। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आदिवासी संस्कृति से ओत प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुति दी गई।
मंत्री परमार ने कहा कि भारतक्रांतिकारीयो एवं महापुरुषों की भूमि है। क्रांति सूर्य भगवान बिरसा मुंडा ने मातृभूमि के गौरव और सम्मान की रक्षा के लिये अपना सर्वस्व बलिदान दिया। उन्होंने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन के अधिकार दिलाने के लिए अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध सशक्त संघर्ष किया। बचपन से ही अन्याय के विरुद्ध खडे होने की चेतना उनमें जागृत हो चुकी थी। केवल 15 वर्ष की आयु में उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा हेतु आंदोलन प्रारंभ किया। 25 वर्ष की अल्पायु तक उन्होंने क्रांति की अलख पूरे देश में जगाई और धरती और जल पर हमारा अधिकार हो ये संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया। भगवान बिरसा मुंडा का शौर्य एवं पराक्रम से समृद्ध अल्पायु जीवन, प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय है।
परमार ने आगे कहा कि जनजातीय गौरव दिवस, केवल जनजातीय समाज के गौरव का ही दिवस नहीं बल्कि हम सभी के लिए गौरव का अवसर है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मधु गेहलोत ने कहा कि जनजाति समाज का इतिहास और संस्कृति गौरवशाली है। अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लडाई में जनजाति समाज का बडा योगदान है। जनजाति समाज के जननायको ने अपना सर्वस्व बलिदान देकर मातृभूमि के गौरव और सम्मान की रक्षा की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, विधायक मधु गहलोत, कलेक्टर प्रीति यादव, जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, गोविंद सिंह बरखेडी, दिलीप सकलेचा, मयंक राजपूत, अजय जैन, भरत प्रजापत, दिनेश परमार, भेरूसिंह चौहान, संतोष गोयल, प्रहलाद सिंह चौहान, महेश शर्मा, हरिनारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासिन रहे।
(Udaipur Kiran) / रितेश शर्मा