
भाजपा प्रदेश कार्यालय में बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर मनाया गया उत्सव
भोपाल, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासवादी नीतियों से बिहार में एनडीए को ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है। बिहार की जनता ने एनडीए को प्रचंड जीत दिलाकर परिवारवाद और भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाया है। कांग्रेस पार्टी सहित विपक्षी दलों को आरोपों की राजनीति छोड़ बिहार चुनाव में मिली असफलता पर आत्मचिंतन करना चाहिए। उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कही हैंं।
दरअसल भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिले प्रचंड जीत पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के दौरान एक दूसरे को मिष्ठान्न खिलाकर बधाई दी। भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व ने पार्टी प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय में ढोल-ढमाकाें और आतिशबाजी कर एक दूसरे को मिष्ठान खिलाकर उत्सव मनाया। इसी दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने अपना उद्बोबोधन दिया।
उन्होंने कहा कि बिहार में मिली प्रचंड जीत ने एक बार फिर ये साबित कर दिया है कि देश का नेतृत्व और आम जन की चिंता अगर कोई कर सकती है, तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ही है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं नीतीश कुमार की सरकारों की गरीब कल्याण की योजनाओं तथा सबको साथ लेकर चलने की नीतियों का प्रतिफल है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि इन चुनाव परिणामों को दृष्टिगत रखते हुए मैं विपक्षी दलों और विशेषकर कांग्रेस पार्टी से यह आग्रह करता हूं कि वे अपने नेतृत्व की भूमिका पर फिर से विचार करें। उन्हें उन नेताओं की भूमिका पर भी विचार करना चाहिए, जिनके नेतृत्व में देश और प्रदेश में एक के बाद एक लगातार हार मिल रही है। कांग्रेस पार्टी को यह देखना चाहिए वर्तमान नेतृत्व के चलते क्यों उन्हें बार-बार हार का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को बिहार की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है।
बिहार की जनता ने दिया सुशासन और विकास का साथ-डॉ. महेंद्र सिंह
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में मिली ऐतिहासिक विजय पर बिहार समेत पूरे देश में उत्सव का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को भारी बहुमत मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास रहा है। बिहार की जनता ने विकास और सुशासन के प्रति अपना विश्वास पुनः प्रकट किया है।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे