Madhya Pradesh

राजगढ़ः बिहार में एनडीए–भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर ब्यावरा में विजय उत्सव

विश्वास और स्थिरता को चुना-राज्यमंत्री पंवार

राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार बोले, बिहार की जनता ने विकास, विश्वास और सुशासन को चुना

राजगढ़,14 नवंबर (Udaipur Kiran) । बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए और भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल है। इसी कड़ी में भाजपा मंडल ब्यावरा द्वारा शुक्रवार को पीपल चौराहे पर विजय उत्सव मनाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाज़ी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का उल्लास साझा किया। इस मौके पर भाजपा समर्थकों ने “नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद”, “एनडीए जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए अपनी खुशी का इजहार किया।

विजय उत्सव को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने कहा कि “बिहार की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के सुशासन मॉडल पर मुहर लगाई है। बिहार की जनता ने तमाम राजनीतिक भ्रमों और समीकरणों को दरकिनार करते हुए विकास, विश्वास और स्थिरता को चुना है।” उन्होंने कहा कि यह जीत जनता की आकांक्षाओं और बदलती राजनीतिक समझ को दर्शाती है।

राज्यमंत्री पंवार ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी बिहार विजय की बधाई दी। उन्होंने कहा कि “सीएम मोहन यादव ने जहां-जहां सभाएं कीं, वहां भाजपा की जीत दर्ज हुई है। यह उनकी लोकप्रियता और नेतृत्व की प्रभावशीलता का परिणाम है।” वहीं, उन्‍होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “जमीन पर रहो, जमीन से जुड़ी राजनीति करो, हवा में रहोगे तो हवा में ही उछल जाओगे। जनता अब केवल सर्वांगीण विकास, सुशासन और सही नीतियों पर भरोसा करती है। इस चुनाव ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति में अंतिम कील ठोक दी है।”

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक विजय नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं और देश की बदलती राजनीतिक सोच का संदेश है। भाजपा जिला महामंत्री अमित शर्मा ने कहा कि बिहार की जनता ने पुनः विकास और स्थिर सरकार के पक्ष में मतदान कर स्पष्ट संदेश दिया है कि अब देश विकास की राजनीति चाहता है।

विजय उत्सव में जनपद अध्यक्ष जगदीश गुर्जर, भाजपा नेता नारायणसिंह सालरिया खेड़ी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, अरविंद शर्मा, पार्षद गोपाल जाटव, दीपक सामरे, केपी सिंह पंवार, इंदरसिंह लववंशी, दीपकमल शर्मा, सुमित सोलंकी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और जोश देखते ही बनता था और कार्यकर्ताओं ने इसे जनता द्वारा विकास मॉडल की जीत बताया।

—————

(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक