Madhya Pradesh

उज्जैनः संभागायुक्त ने की सिंहस्थ-2028 की तैयारियों की समीक्षा

करोड़ों श्रद्धालुओं के आवागमन और शिप्रा स्नान की समीक्षा की

उज्जैन, 13 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेलाधिकारी आशीष सिंह ने गुरूवार को सिंहस्थ-2028 हेतु किए जा रहे निर्माण कार्यो की गुणवत्ता तथा निर्माण की ताजा स्थिति देखी। उन्होंने सिंहस्थ में आनेवाले करोड़ों श्रद्धालुओं के आवागमन एवं शिप्रा स्नान को लेकर मौके पर समीक्षा भी की। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर रौशनकुमार सिंह,महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा एवं उविप्रा सीईओ संदीप सोनी भी थे।

सिंहस्थ महापर्व में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुगमता से आवागमन एवं शिप्रा नदी में स्नान की व्यवस्थाओं के लिए चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर आशीषसिंह ने निर्देश दिए। उन्होने कलेक्टर श्री सिंह के साथ महाकाल मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया। मेलाधिकारी श्री सिंह ने बताया कि सिहंस्थ के दौरान देश विदेश से करोड़ो श्रद्धालु उज्जैन आएंगे। इन करोड़ो श्रध्दालुओं का आवागमन सुलभ तरीके से हो और शिप्रा नदी में सुव्यवस्थित स्नान हो सके, इस दृष्टि से गुरूवार को महाकालेश्वर मंदिर परिसर एवं आसपास चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने चारधाम मंदिर क्षेत्र, गोंड बस्ती,झालरिया मठ एवं रामघाट क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रध्दालुओं के स्नान-पार्किंग व्यवस्था तथा आवागमन सुव्यवस्थित हो सके, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद इन्होने बड़े गणेश मंदिर के समीप विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे दर्शनार्थी सुविधा केंद्र का अवलोकन किया। महाकाल मंदिर के गेट नंबर 05 पर बन रहे श्रध्दालुओं के लिए सर्वसुविधायुक्त निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। पश्चात महाकालेश्वर मंदिर के आसपास एवं परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर,समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने नीलकण्ठ गेट के समीप पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग में एक स्थान पर सुलभ सौचालय बंद एवं इसका बोर्ड न लगा होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित कर्मचारी को बोर्ड लगवाकर शौचालय चालू करवाने के निर्देश भी दिए।

यह हैं उपलब्धियां: शिप्रा नदी पर जल संसाधन विभाग द्वारा बनाए जा रहे बैराजों का 57 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। रिजर्वारयर में अर्थ वर्किंग का कार्य हो रहा है। नवीन घाटों पर 29 किमी में से 18 किमी की खुदाई हो चुकी है। इस बार सिंहस्थ पूर्व पंचक्रोशी यात्रा मार्ग पर जगह-जगह उपवन,सुलभ शौचालय बनाए जाएंगे। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए दिशा सूचक लगाए जाएंगे। घाटो पर फ्लोटिंग बेरीकेड्स भी लगाए जाएंगे। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम को अधिक से अधिक फोकस किया जाएगा। वालेंटियर्स के पास इस बार फस्र्ट एड बॉक्स रहेगा। जीआईएस आधारित डिजिटल मेप बाहरी यात्रियों का मार्गदर्शन करेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल