
साँची विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में दिखाई रुचि, विवि को अंतरराष्ट्रीय बनाने का संकल्पः संस्कृति मंत्री
भोपाल, 13 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने गुरुवार को रायसेन जिले में स्थित साँची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय का दौरा कर निर्माण कार्यों को देखा और समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। साँची विश्वविद्यालय परिसर में उन्होंने सर्वप्रथम बोधि वृक्ष के दर्शन किए और पौधारोपण किया।
बोधि वृक्ष पर मंत्री लोधी का स्वागत कुलगुरू प्रो. वैद्यनाथ लाभ, कुलसचिव विवेक पाण्डेय ने किया। बोधि वृक्ष दर्शन उपरांत मंत्री लोधी ने समस्त शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों से औपचारिक भेंट की और साँची विश्वविद्यालय के नए परिसर का निरीक्षण भी किया। संस्कृति मंत्री ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में समस्त शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों के एक साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें नवीन परिसर निर्माण, पाठ्यक्रमों एवं छात्रों की संख्या के अलावा विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्माण संबंधी कार्य समय पर पूरा करने एवं रास्तों के साथ फुटपाथ बनाने का भी सुझाव निर्माण एजेंसी को दिया।
कुलगुरू प्रो. लाभ और कुलसचिव पाण्डेय की मौजूदगी में संस्कृति मंत्री द्वारा साँची विश्वविद्यालय को यथायोग्य सहायता एवं सुविधाएं देने का आश्वासन दिया गया। मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि स्थापना के अनुरूप साँची विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने का उनका संकल्प है एवं विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों कर्मचारियों को इस संबंध में मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बौद्ध अध्ययन और भारतीय दर्शन तथा भारतीय धर्म और संस्कृति से जुड़े विषयों पर सांची विश्वविद्यालय को अन्य नए-नए पाठ्यक्रम भी लाने चाहिए।
संस्कृति मंत्री ने दो पुस्तकों का विमोचन भी किया। समीक्षा बैठक में कुलुगुरु प्रो वैद्यनाथ लाभ ने विश्वविद्यालय की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने संस्कृति मंत्री को इंडियन सोसायटी फॉर बुद्धिस्ट स्टडीज (आईएसबीएस) के रजत जयंती सम्मेलन में भी आमंत्रित किया। कुलसचिव विवेक पाण्डेय ने आभार प्रकट किया।
(Udaipur Kiran) तोमर