Madhya Pradesh

मप्रः मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1.33 लाख किसानों के खाते में ट्रांसफर की 233 करोड़ रुपये की भावांतर राशि

मुख्यमंत्री ने किसानों को ट्रांसफर किए 233 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने देवास में आयोजित कार्यक्रम में किसानों पर की पुष्प वर्षा
मुख्यमंत्री ने देवास में किया रोड शो

भोपाल, 13 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भावांतर योजना के तहत प्रदेश के एक लाख 33 हजार सोयाबीन किसानों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने गुरुवार को देवास में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इन किसानों को योजनांतर्गत 233 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देवास जिले के 183 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत के आठ विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने देवास नगर में रोड शो भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां भावांतर योजना लागू की गई। किसान को फसलों का सही दाम दिलवाना सरकार की प्राथमिकता है। किसानों का भला करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से मध्य प्रदेश देश में सोयाबीन स्टेट बना। हर साल केंद्र सरकार समर्थन मूल्य बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि देवास को 188 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं। प्रदेश में दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए कई योजना चला रहे हैं। घर आंगन में गाय, बछड़े होने से आनंद आता है। दूध उत्पादन को प्रोत्साहन किया जाएगा, उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एक दिसंबर को गीता जयंती मनाएंगे। नगर पालिका, नगर परिषद स्तर पर गीता भवन खोलने वाले हैं। आने वाला साल कृषि आधारित उद्योग के लिए जाना जाएगा। गेहूं धीरे धीरे 2700 किया जाएगा। कांग्रेसी रोते रहेंगे… हम योजनाओं का लाभ देते रहेंगे। सीमा पर जवान, खेत पर किसान दोनों बराबर। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगले 50 साल सत्ता से बाहर रहेगी। बिहार में चुनाव हो रहा था राहुल गांधी पचमढ़ी में छुट्टी मना रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस लाइन स्थित कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कृषि यंत्रों में रोटावेटर, ड्रोन, सुपर सीडर, ब्रोड बेड फरो प्लांटर, मल्चर, फर्टीलाइजर ब्राड कास्टर, भूसा लोडर, लेजर एंड लेवलर, स्वचलित टूलबार, राउंड बेलर, स्लेशर, स्टॉरीपर, रीपर कम बाइंडर, स्प्रे पंप, सीड ग्रेडर विथ कन्वेयर, डिस्क प्लाउ सहित अन्य यंत्रों का अवलोकन किया। इस साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा लगाई गई जैविक खेती प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा किसानों से चर्चा की।

(Udaipur Kiran) तोमर