Madhya Pradesh

लाड़ली बहना योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, प्रदेश के भविष्य की बदल दी है दिशा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

सिवनी जिले में आयोजित लाड़ली बहनों की राशि अंतरण कार्यक्रम
सिवनी जिले में आयोजित लाड़ली बहनों की राशि अंतरण कार्यक्रम
सिवनी जिले में आयोजित लाड़ली बहनों की राशि अंतरण कार्यक्रम
सिवनी जिले में आयोजित लाड़ली बहनों की राशि अंतरण कार्यक्रम

– मुख्यमंत्री ने 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किए 1857 करोड़ रुपये, 114 विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन एवं लोकार्पण

– लाड़ली बहना योजना की 30वीं किश्त में बहनों को मिली 1500 रुपये की सौगात

भोपाल, 12 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नारी हर रूप में समर्पण का प्रतीक है। इनके कल्याण के लिए हमने जो भी कहा वह करके दिखाया है। बहनों के कल्याण के संकल्प की दिशा में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। भाईदूज पर लाड़ली बहना योजना की राशि 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये करने का वादा किया था। आज उसे निभाने का सौभाग्य अवसर आ चुका है। लाड़ली बहना योजना की कुल 30 किश्तों में से 23 किश्तें बहनों को भेजने का शुभ अवसर आया। इस योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, मध्य प्रदेश के भविष्य की दिशा भी बदल दी है। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। सहयोग के भाव से शुरू हुई यह योजना अब सफलता के सूत्र में बदल गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को सिवनी जिले में लाड़ली बहनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख 36 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1857 करोड़ रुपये राशि अंतरित की। इसमें सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार से अधिक बहनें शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि हमारी बहनों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। यह हर बहन के सम्मान और सशक्त मध्य प्रदेश के निर्माण की दिशा में हमारे संकल्प की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हमारी हर लाड़ली बहन अपने जीवन में आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी और सशक्त बने।

मुख्यमंत्री ने रिमोट से सिवनी जिले में कुल 560 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत वाले 114 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसमें सिवनी जिले में एक विधि महाविद्यालय और 4 सांदीपनि विद्यालयों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगातें शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में स्थापित 17 फीट ऊंची, 40 फीट और 8 फीट चौड़ी दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रैप से बनी बाघ की कलाकृति का लोकार्पण किया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर युवाओं के लिए घंसौर में स्टेडियम बनाने, बालाघाट जिले के लामटा से सिवनी जिले के पांडिया छपारा के बीच नदी पर एक बड़े पुल का निर्माण और अतरी से पांडरवानी बीटी रोड, बरघाट नगर से ग्राम मकरघट्टा तक पक्की सड़क बनाने और अन्य छोटी सड़कों के निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित बहनों और हितग्राही परिवारों से भी आत्मीय संवाद किया और उनसे शासन की योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि हमने जिले के किसानों को धान का बोनस दिया। गेहूं भी हम खरीदेंगे और मक्के की फसल का भी पूरा दाम दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों का आत्मविश्वास ही मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी पूँजी है। जब बहनें सशक्त होती हैं, तब समाज और राज्य दोनों समृद्ध बनते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने की शक्ति और आत्मविश्वास भी प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि आइए, हम सब मिलकर ऐसा मध्यप्रदेश बनाएं जहाँ हर बहन सुरक्षित, शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हो, क्योंकि बहनों की मुस्कान में ही प्रदेश का भविष्य बसता है। उन्होंने कहा कि सशक्त बहनों से ही परिवार और समाज सशक्त होगा। सशक्त समाज ही समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का मुख्य आधार बनेगा।

30 किश्तों ने बदला बहनों का जीवन

मुख्यमंत्री ने बहनों से कहा कि लाड़ली बहना योजना से सिर्फ आपका जीवन ही नहीं बदला है, मेरा दृष्टिकोण भी बदला है। इस योजना की राशि से किसी बहन ने अपना छोटा व्यापार शुरू किया, किसी बहन ने अपने बच्चे की पढ़ाई में मदद की तो किसी ने इन पैसों से हुनर सीखा। इस योजना ने केवल बहनों का जीवन ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा बदल दी है।

अब हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये

उन्होंने कहा कि बहनों के सशक्तिकरण के लिए इस योजना की शुरुआत हमने जून 2023 में की थी, तब से अक्टूबर 2025 तक आपके बैंक खातों में 44 हजार 917 करोड़ 92 लाख रुपये का अंतरण कर चुके हैं। जनवरी 2024 से अक्टूबर 2025 तक 34 हजार 921 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक से किया है। हर साल राखी के शगुन के 250 रुपये हम अलग से अपनी बहनों को देते आए हैं। आज 250 रुपये बढ़ा रहे हैं। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिवनी जिले में विकास की अनंत संभावनाएं हैं। वन्य जीव पर्यटन की दिशा में हमारे प्रयासों से सिवनी में नई अर्थव्यवस्था का निर्माण हो रहा है। होम-स्टे, एडवेंचर टूरिज्म जैसे नवाचारों से न सिर्फ जिले की प्रगति होगी बल्कि बहनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। सिवनी ऐसा जिला है, जहां बहनें सांसद, कलेक्टर और जिला पंचायत अध्यक्ष की भूमिका में हैं। बहनों के आशीर्वाद से जीवन धन्य हो जाता है।

महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहनों को अब तक 45 हजार करोड़ से अधिक राशि मिल चुकी है। राज्य सरकार के 2 साल पूर्ण होने पर बहनों को रोजगार आधारित उद्योगों में क्रमश: 5000 रुपये महीना देना चाहते हैं। बहनें लाड़ली योजना की राशि से अपने रोजगार स्थापित कर रही हैं। घर की जरूरत पूरी कर रही हैं। महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें। इसके लिए वर्ष-2028 में राजनीतिक क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए प्रयास कर रही है।

(Udaipur Kiran) तोमर