
जयपुर, 12 नवंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गोविंद सिंह डोटासरा के “वोट_चोर जैसे अमर्यादित और झूठे नारों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है। जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को भारी बहुमत से सत्ता सौंपी है, लेकिन देश के विभिन्न प्रदेशों में लगातार चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस अब लोकतंत्र, लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक संस्थाओं पर ही प्रश्नचिन्ह लगाने में जुटी है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का यह तथाकथित वोट चोरी अभियान दरअसल अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने के डर से चलाया जा रहा एक ‘झूठ और भ्रम फैलाओं अभियान’ है। जनता ने कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार और वंशवादी राजनीति को नकार दिया है। अब कांग्रेस को जनता के जनादेश पर भरोसा नहीं, इसलिए वह सड़कों पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस युवाओं में भ्रम फैलाकर देश में अराजकता की स्थिति पैदा करना चाहती है, ताकि अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाया जा सके, लेकिन देश का जागरूक युवा अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाला नहीं है। राठौड़ ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता पूरी तरह से भाजपा के साथ खड़ी है और डोटासरा जैसे नेताओं के झूठे आरोपों से जनता का विश्वास डिगने वाला नहीं है। कांग्रेस नेताओं को सलाह दी जाती है कि वे अपनी पराजय का आत्ममंथन करें, न कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर उंगली उठाकर जनादेश का अपमान करें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश और देश विकास, सुशासन और पारदर्शिता के मार्ग पर अग्रसर हैं। कांग्रेस चाहे जितने भी भ्रम फैलाए, सच्चाई यही है कि जनता ने ईमानदारी और विकास की राजनीति को चुना है, न कि भ्रष्टाचार और परिवारवाद को। हाल ही में एक सर्वे रिपोर्ट में भी प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 2 साल के कार्यकाल में पानी, बिजली, रोजगार,उद्योग,निवेश और कृषि जैसे प्रमुख क्षेत्रों में किए गए कार्यों की सराहना की है। यह जनता का भाजपा के प्रति अटूट विश्वास को दर्शाता है।
—————
(Udaipur Kiran)