Madhya Pradesh

सिवनीः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों को 1857 करोड़ रूपये की सौगात दी

Seoni: Chief Minister Dr. Mohan Yadav gave a gift of Rs 1857 crore to the Ladli sisters in Seoni.

560 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया

सिवनी, 12 नवम्बर(Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सिवनी जिले के पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख 35 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1857 करोड़ रूपये की राशि अंतरण की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 560.75 करोड़ रूपये लागत के 114 विकास कार्यों (29 भूमिपूजन, 85 लोकार्पण) का शिलान्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस दौरान वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक गायन हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। अब से प्रत्येक लाड़ली बहना को 1500 रूपये प्रतिमाह की राशि प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में 45 हजार करोड़ रूपये से अधिक राशि जमा की जा चुकी है।

जो बहनें रोजगारपरक उद्योगों’’ में कार्य करेंगी, उन्हें 5000 रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने 560.75 करोड की लागत से 114 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरंतर जनहित और विकास के कार्यों में निवेश कर रही है। साथ ही मुख्यमंत्री ने सिवनी जिले के घंसौर में खेल स्टेडियम निर्माण, लामटा -पांडिया छपारा पुल, और कई अन्य विकास कार्यों की घोषणा की।

कबाड़ से कलाकृति तककार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पेंच टाइगर रिजर्व’ के खवासा पर्यटन द्वार’ पर लोहे के कबाड़ से बनी 40 फीट लंबी बाघ कलाकृति का अनावरण किया। यह प्रतिमा मिशन लाइफ के तहत ’वेस्ट मटेरियल से बनाई गई है और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है।

नई योजनाएँ और घोषणाएँ

मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 दिसंबर से नई बिजली बिल माफी योजना लागू होगी, 3 माह से अधिक पुराने बिलों पर चढ़े सरचार्ज माफ होंगे। सोयाबीन किसानों के खातों में भावांतर राशि का अंतरण किया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर ’आदिवासी नायकों को पाठ्यक्रम में शामिल’ किया जाएगा। चार सांदीपनि विद्यालय, विधि महाविद्यालय और गौसंवर्धन योजनाओं की घोषणा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना के प्रयास जारी , मार्च 2026 तक आत्मसमर्पण नीति लागू।

लाड़ली बहनों का अनुभव

अंजू सोनी ने कहा कि इस योजना से मिली राशि से सिलाई मशीन खरीदी, अब स्वावलंबी हूँ। अंजलि (छतरपुर) ने कहा कि इससे बच्चों की कोचिंग फीस भर पा रही हूँ। सुषमा सनोढ़िया ने कहा कि इस योजना ने आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान का मार्ग खोला है।

कार्यक्रम के समापन पर लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया और प्रतीक चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन के लिए लगातार कार्यरत है।

(Udaipur Kiran) / रवि सनोदिया