
गुवाहाटी, 01 नवम्बर (Udaipur Kiran) । असम प्रदेश भाजपा ने कहा है कि राज्य की भाजपा सरकार ने विकास के प्रश्न पर कभी समझौता नहीं किया है। जनता के प्रिय कलाकार जुबिन गर्ग को न्याय दिलाने के साथ-साथ असम की आर्थिक प्रगति भी निरंतर गति से आगे बढ़ती रहेगी। असम को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सशक्त आर्थिक कार्यक्रमों का क्रियान्वयन सरकार की अटूट प्रतिबद्धता है।
प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान में प्रवक्ता मानस शरणिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने स्पष्ट किया है कि राज्य के प्रिय कलाकार जुबिन गर्ग को न्याय अवश्य मिलेगा, जैसा कि उनके प्रशंसक अपेक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “न्याय 100 प्रतिशत सुनिश्चित है।” शरणिया ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके प्रयास शीघ्र ही विफल होंगे।
शरणिया ने कहा कि जहां एक ओर सरकार न्याय की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है, वहीं असम की आर्थिक विकास यात्रा भी निरंतर प्रगति पर है। ‘एडवांटेज असम 2.0’ शिखर सम्मेलन (25-26 फरवरी 2024) के बाद कई प्रमुख औद्योगिक समूहों ने असम में अपने निवेश वादों को अमल में लाना शुरू कर दिया है। जगीरोड में टाटा सेमीकंडक्टर यूनिट की स्थापना के बाद असम अब स्थायी विकास के मार्ग पर अग्रसर है।
इसी क्रम में 31 अक्टूबर को गुवाहाटी में मेदांता हॉस्पिटल, लेमन ट्री होटल और चिल्ड्रेन वेलफेयर हॉस्पिटल की आधारशिला रखी गई, जिनसे लगभग 60 से 70 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष या परोक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
प्रदेश भाजपा ने बताया कि एडवांटेज असम 2.0 के तहत पांच लाख करोड़ से अधिक के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इनमें से एक लाख 78 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर दिसंबर, 2025 तक कार्य आरंभ हो जाएगा।
इसके साथ ही केंद्र सरकार ने राज्य के संपर्क और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए हैं, जिनमें गुवाहाटी रिंग रोड, काजीरंगा एलीवेटेड कॉरिडोर और ब्रह्मपुत्र नद पर कई नए पुलों का निर्माण शामिल है।
असम प्रदेश भाजपा ने कहा कि स्वतंत्रता के 77 वर्षों में पहली बार असम सर्वांगीण विकास की गौरवशाली यात्रा पर अग्रसर हुआ है। शीघ्र ही गुवाहाटी दक्षिण-पूर्व एशिया का वाणिज्यिक केंद्र बनकर उभरेगा। उद्योगों की स्थापना और निवेश के प्रवाह से राज्य के युवाओं का अन्यत्र रोजगार हेतु पलायन भी कम होगा।
यह प्रगति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के अथक, परिणामोन्मुख प्रयासों की देन है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश