RAJASTHAN

सर्दी की रंगत दिखने लगी : गर्म लबादे निकले बाहर

jodhpur

दिन-रात के तापमान में करीब 20 डिग्री का अंतर

जोधपुर, 10 नवम्बर (Udaipur Kiran) । शहर में अब सर्दी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। यहां सुबह और रात के समय ठंड का असर देखने को मिल रहा है। शहर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक आ पहुंचा है। वही अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास चल रहा है। ठंड के असर के साथ ही अब लोगों की दिनचर्या भी बदल रही है।

जोधपुर के काजरी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। इस दौरान 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विज्ञान के वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड का असर धीमे-धीमे पड़ेगा। हालांकि इस हफ्ते तापमान में मामूली गिरावट नजर आ सकती है लेकिन आने वाले दिनों में सर्दी का एहसास भी बढ़ जाएगा। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 12.2 दर्ज किया गया। किसानों के लिए उन्नत किस्म के बीजों के साथ गेहूं, जौ, चना, ईसबगोल, मेथी की बुवाई करने को लेकर सलाह दी गई है। पशुपालन करने वाले लोगों को पशुओं को छप्पर में बांधने की सलाह दी गई है।

(Udaipur Kiran) / सतीश