


जयपुर, 8 नवंबर (Udaipur Kiran) । दुर्गापुरा स्थित रिहायशी कॉलोनी में सीसीटीवी फुटेज लेपर्ड का मूवमेंट होता देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लेपर्ड पूर्व भाजपा सांसद के घर के पास गुर्राता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन टीम को कोई सफलता प्राप्त नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि लाल बहादुर कॉलोनी में शुक्रवार—शनिवार रात दो बजे सीसीटीवी फुटेज में लेपर्ड घूमता हुआ दिखाई दिया। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना की देर रात तेज अजीब सी आवाज सुनाई दी। जिसके बाद दहशत का माहौल बन गया। सीसीटीवी देखने पर लेपर्ड कारों के बीच से गुजरता हुआ दिखाई दिया। वन विभाग की टीम काफी देर तक एरिया में सर्च करती रही, लेकिन लेपर्ड नजर नहीं आया।
अधिकारियों का कहना है कि जिस एरिया में लेपर्ड नजर आया है वहां से झालाना लेपर्ड सेंचुरी की दूरी करीब 5 किलोमीटर है। लेपर्ड के वहीं से आने की आशंका जताई जा रहीं है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूर्व भाजपा सांसद रामचरण बोहरा के घर के पास भी लेपर्ड गुर्राता हुआ नजर आया है। वहीं गोपालपुरा ओवरब्रिज के पास भी लेपर्ड देख गया। वन विभाग ने गोपालपुरा ओवरब्रिज के पास एक फैर्क्टी परिसर में लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि दुर्गापुरा रिहायशी इलाके में लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि अभी तक लेपर्ड पकड़ में नहीं आया है। लेपर्ड से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। अंदेशा जताया जा रहा है कि लेपर्ड वापस जंगल में लौट गया हो। पास में ही झालाना जंगल है, जहां पर करीब 40 से अधिक लेपर्ड रहवास करते हैं। कई बार लेपर्ड झालाना जंगल से निकलकर रास्ता भटकते हुए आबादी क्षेत्र में आ जाते हैं। वन विभाग की टीम लगातार लेपर्ड को सर्च कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran)