RAJASTHAN

डीएनटी समाज और पशुपालक संघ का महापड़ाव जारी, ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे पर 10 किलोमीटर लंबा जाम

हाईवे जाम।

पाली, 8 नवंबर (Udaipur Kiran) । पाली जिले के बालराई गांव के पास राष्ट्रीय पशुपालक संघ और डीएनटी (घुमंतु, अर्ध घुमंतु एवं विमुक्त) समाजों का महापड़ाव शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार शाम से बंद किए गए ब्यावर–पिंडवाड़ा हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

महापड़ाव के चलते पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर एल.एन. मंत्री और एसपी आदर्श सिंधु के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों से लगातार बातचीत और समझाइश की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बनी है।

राष्ट्रीय पशुपालक समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह देवासी ने चेतावनी दी है कि सरकार ने यदि उनकी मांगों पर वार्ता नहीं की, तो यह आंदोलन “गुर्जर और किसान आंदोलन पार्ट-2” बन जाएगा। देवासी ने कहा कि वे अपनी मांगों के निपटारे तक महापड़ाव स्थल से नहीं हटेंगे। महापड़ाव के चलते ट्रक, बस और अन्य वाहनों की लंबी लाइनें लगी हैं। कई ड्राइवर 24 घंटे से अधिक समय से जाम में फंसे हुए हैं। मजबूरी में उन्होंने हाईवे पर ही अस्थायी पड़ाव डाल लिया और सड़क किनारे खाना बनाते नजर आए। पुलिस ने फंसे लोगों के लिए पानी के टैंकर मंगवाए हैं।

शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की और पुलिस पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब एक घंटे तक हालात तनावपूर्ण बने रहे। महापड़ाव को लेकर कई राजनीतिक नेताओं ने समर्थन जताया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, हनुमान बेनीवाल और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आंदोलन का समर्थन किया। भाटी ने प्रशासन पर बल प्रयोग को “लोकतंत्र का अपमान” बताया। पाली से सिरोही और सिरोही से पाली आने-जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया है। वाहनों को सांडेराव, बाली, सादड़ी, नाड़ोल और हेमावास मार्ग से भेजा जा रहा है। वहीं, पणिहारी चौराहे से सुमेरपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेड लगाकर आवागमन रोक दिया गया है।

डीएनटी संघर्ष समिति और राष्ट्रीय पशुपालक संघ अपनी 10 प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। इनमें समाज के लोगों को सरकारी योजनाओं में आरक्षण, शिक्षा और आजीविका से जुड़ी सुविधाएं प्रमुख हैं। समाज के लोगों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक महापड़ाव जारी रहेगा। एसपी आदर्श सिंधु ने कहा कि पुलिस की ओर से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है और समाज के लोगों से बातचीत के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि शांति बनाए रखते हुए आंदोलन का समाधान निकाला जाए।

पाली-बालराई हाईवे पर फिलहाल भारी जाम की स्थिति बनी हुई है और पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करने की अपील की है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित