Uttrakhand

पूर्व सांसद ब्रजभूषण ने संतों से लिया आशीर्वाद

रविन्द्र पुरी से भेंट करते हुए

हरिद्वार, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड प्रवास पर आए भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने मंगलवार को हरिद्वार के कई प्रमुख संतों से भेंट कर आशीर्वाद लिया और गोंडा में आयोजित की जा रही कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। हरिद्वार पहुंचे ब्रजभूषण शरण सिह ने सन्यास रोड स्थित सूरत गिरी बंगला घाट पर गंगा पूजन और दक्ष महादेव मंदिर में दुग्धाभिषेक भी किया।

पूजा अर्चना के बाद ब्रजभूषण शरण सिंह ने निरंजनी अखाड़े पहुंचकर अखाड़े के सचिव व मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से भेंट की और उन्हें उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित की जा रही सनातन ज्ञान विज्ञान छात्र उत्थान राष्ट्रीय कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि राजनीति के साथ समाजसेवा में भी योगदान कर रहे पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह का संतों के प्रति सेवा भाव प्रशंसनीय है।

ब्रजभूषण शरण सिंह ने श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज को भी कथा का निमंत्रण पत्र दिया और उनसे आशीर्वाद लिया। पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सनातन धर्म की परंपरांओं और संस्कृति का संरक्षण संवर्द्धन करते हुए राष्ट्र की एकता अखंडता को बनाए रखने में संत महापुरूषों की हमेशा अहम भूमिका रही है। श्रीपंच निर्वाणी अणी अखाड़े के महंत रामदास और उनकी शिष्या साध्वी राजमाता ने भी फूलमाला पहनाकर पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह को आशीर्वाद दिया।

इसके बाद ब्रजभूषण शरण सिंह चेतन ज्योति आश्रम पहुंचे और स्वामी ऋषिश्वरानन्द व अन्य संतों को कथा का निमंत्रण दिया। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी आदियोगी पुरी, बाबा हठयोगी, महंत भूपेंद्र गिरी, महंत विष्णुदास, महंत गोविंददास, महंत दुर्गादास, स्वामी ज्ञानानंद, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी कृष्णानंद, स्वामी शिवम महंत सहित कई संत महंत मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top