


जयपुर, 6 नवंबर (Udaipur Kiran) । श्री निम्बार्क भगवान के 5121वें जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार को छोटी काशी जयपुर में जगदगुरू श्री निम्बार्क पीठाधीश्वर श्री श्याम शरण देवाचार्य श्रीजी महाराज’ के सानिध्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
परम्परागत लवाजमे के साथ निकली शोभायात्रा में रथ में विराजमान सुदर्शन चक्र अवतार आद्य आचार्य श्री निम्बार्क भगवान के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने अपने आपको धन्य किया। श्री आनन्द कृष्ण बिहारी मंदिर चांदनी चौक से निकली भव्य शोभायात्रा, त्रिपोलिया गेट से त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता होते हुए पुनः आरंभ स्थल पर पहुंच कर विसर्जित हुई।
इस अवसर पर अलबेली माधुरी शरण महाराज, मानस गोस्वामी, महंत श्याम सुंदर अजमेर, महंत श्याम सुंदर शरण नरैना, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा एवं हवामहल से विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित शहर के कई गणमान्य लोग एवं संत मौजूद रहे।
शोभायात्रा में श्री सर्वेश्वर संसद जयपुर, श्री निम्बार्क सत्संग मंडल, महिला मंडल और नवयुवक मंडल से जुड़े कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में वैष्णव जन, कीर्तन करते हुए नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा मार्ग पर जगह जगह बनाए गए मंचों से विभिन्न मंदिरों के महंतों, व्यापार मंडलों और सामाजिक मंत्रों की ओर से श्री निम्बार्क भगवान के मनोरम चित्रपट और श्री श्रीजी महाराज का पूजन अर्चन और बंदन किया गया। स्थानीय निवासियों, श्रद्धालु और भक्त जनों ने जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और यात्रा में शामिल रसिक जनों का अभिनंदन किया।
शोभा यात्रा के समापन पर श्री श्रीजी महाराज ने आनंद कृष्ण बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं को भारत की सबसे प्राचीनतम निंबार्क संप्रदाय और संप्रदाय के आचार्य चरणों की महिमा का गुणगान किया।
जयंती महोत्सव में निम्बार्क महिला मंडल की ओर से शुक्रवार को श्री आनन्द कृष्ण बिहारी मंदिर में छप्पन भोग के आयोजन के साथ डांडिया रास का आयोजन किया जाएगा। वहीं शनिवार को बधाई गान, भजन संध्या एवं पूर्वाचार्यों के जीवन चरित्र पर व्याख्यान होंगे। रविवार को श्री निम्बार्क चरित्र दर्शन एवं बधाई गान होंगे, वहीं सोमवार को श्री आनन्द कृष्ण बिहारी मंदिर में ही बधाई गान, श्री युगल नाम संकीर्तन के साथ श्री निम्बार्क भगवान का छठी महोत्सव मनाया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran)