
मंडी, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल के छुुईघाट और चुरू-रा-बल्ह क्षेत्रों के बागवानों को निरंतर लाभ मिल रहा है। इन क्षेत्रों की मौसम्मी की तीसरी खेप शुक्रवार को सफलतापूर्वक रिलायंस कंपनी के राजपुरा पंजाब स्थित स्टोर पहुंचाई गई। विधायक चंद्रशेखर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह धर्मपुर क्षेत्र के बागवानों की मेहनत और हिमाचल सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। एचपी शिवा परियोजना ने किसानों को नई पहचान दी है और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनेंगी और हिमाचल को बागवानी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। समन्वयक शिवा परियोजना धर्मपुर तेजिंदर और जी.ओ.सी. प्रधान रितेश भारद्वाज ने पंजाब स्थित रिलायंस स्टोर राजपुरा में किसानों द्वारा तैयार की गई उपज की बिक्री प्रक्रिया को संपन्न किया। इस दौरान कुल 1650 क्विंटल उपज में से 1474 क्विंटल चयनित उपज के रूप में बेची गई, जिसका मूल्य 39 रूपए प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया। इस बिक्री प्रक्रिया की निगरानी क्षेत्रीय विषयवाद विशेषज्ञ, उद्यान विभाग के डॉ. अनिल ठाकुर द्वारा की गई। डॉ. अनिल ने बताया कि इस पहल से किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है, क्योंकि अब उनकी उपज सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा