पलवल, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । जिले के बहीन थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता ने अपने देवर पर दुष्कर्म करने और पति व सास पर जहरीला पदार्थ खिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है और जान से मारने की धमकी दी जाती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहीन थाना प्रभारी यशवीर ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी वर्ष 2019 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे तंग करने लगे। कई बार उसके साथ मारपीट की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। विवाहिता का कहना है कि वह परिवार बचाने के लिए सब कुछ सहती रही।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके देवर ने एक दिन उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब उसने यह बात अपने ससुराल पक्ष को बताई तो उल्टा वही लोग उसे धमकाने लगे। उन्होंने कहा कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो जान से मार देंगे। विवाहिता का आरोप है कि इसके बाद उसके पति और सास ने उसे जहरीला पदार्थ देकर जान से मारने की कोशिश की।
पुलिस जांच अधिकारी एसआई सुरेखा ने बताया कि विवाहिता की शिकायत पर उसके पति, देवर और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। यह जांच की जा रही है कि उसे जहरीला पदार्थ खिलाया गया या नहीं। इसके लिए सैंपल जांच हेतु भेजे जाएंगे। देवर पर लगाए गए दुष्कर्म के आरोप की भी गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग