
हादसे के बाद पति मौके से फरार, दोनों ने किया था प्रेम विवाह
मथुरा, 17 सितम्बर (Udaipur Kiran) वृन्दावन कोतवाली क्षेत्र रुकमणि विहार स्थित कृष्ण हाइट्स की 15वीं मंजिल से कूदकर बुधवार विवाहिता ने आत्महत्या कर ली है। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोसाइटी के निवासियों और गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर से साक्ष्य एकत्रित किए।
वृंदावन में कृष्णा हाइट्स की 15वीं मंजिल से कूदी निधि उपाध्याय ने ग्वालियर के रहने वाले शैलेंद्र यादव के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों करीब 16 महीने से वृंदावन के रुकमणि विहार स्थित कृष्ण हाइट्स की 15वीं मंजिल में दिल्ली के एक व्यक्ति के फ्लैट में किराए पर रह रहे थे। बुधवार सुबह पांच बजे निधि उपाध्याय ने फ्लैट की 15वीं मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही उनकी मौके पर मृत्यु हो गई। इसे देख पति शैलेंद्र के होश उड़ गए। वह मौके से फरार हो गया। विवाहिता को खून से लथपथ देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सदर संदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए।
बुधवार दोपहर सीओ सदर संजीव सिंह ने बताया कि युवक ने प्रेम विवाह किया था। विवाहिता ने आत्महत्या की है या फिर मृत्यु का कुछ और कारण है। इसकी जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टया लग रहा है कि पति-पत्नी में किसी मनमुटाव को लेकर विवाद चल रहा होगा। इसके चलते विवाहिता ने आत्महत्या की होगी। फिर भी जानकारी जुटाकर स्वजन का पता लगाया जा रहा है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(Udaipur Kiran) / महेश कुमार
