WORLD

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आतंकी हमले में डीएसपी की मौत, तीन घायल

यह फोटो सात जुलाई का है। अज्ञात बंदूकधारियों ने बलूचिस्तान के नसीराबाद जिले में हाइवे पुलिस के वाहन को निशाना बनाया था। इस हमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। फोटो-डॉन न्यूज टीवी

इस्लामाबाद, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में आज राष्ट्रीय राजमार्ग पर हथियारबंद अज्ञात लोगों ने बलूचिस्तान पुलिस के एक वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस गोलीबारी में एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर है। इसलिए मृतक संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है।

डान अखबार की खबर के अनुसार प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के मुताबिक शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया है कि हथियारबंद लोगों ने पुलिस उपाधीक्षक के वाहन को निशाना बनाया। हमलावरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मस्तुंग के चोटो इलाके के पास पुलिस वाहन पर गोलीबारी की। रिंद ने कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है। सुरक्षा बलों को चोटो भेजा गया है।

जियो न्यूज के अनुसार घायलों को इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पुलिस अधिकारी और अन्य की शहादत पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले बलूचिस्तान के अवारन जिले में आतंकवादियों ने पाकिस्तानी सेना के मेजर सैयद रबनवाज तारिक को गोलियों से भून दिया था। इस गोलीबारी में कम से कम तीन लोग मारे गए थे। डान अखबार की न्यूज के इससे पहले सात जुलाई को बलूचिस्तान के नसीराबाद जिले में हाइवे पुलिस वाहन पर हुए हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top