
चंडीगढ़, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के एशियन गेम्स के पैरा खिलाड़ियों की चिरप्रतिक्षित मांग को पूरा करते हुए 2022 एशियन गेम्स के पैरा खिलाडिय़ों को लगभग 32 करोड़ के लंबित कैश अवार्ड जारी करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी लंबे समय से कैश अवार्ड जारी करने की मांग कर रहे थे।
गौतम ने कहा कि किसी भी प्रदेश व देश की तरक्की में उसके स्वस्थ शरीर व स्वस्थ मन के लोगों का अहम योगदान होता है। इसी परिपाटी पर चलते हुए प्रदेश के एथलीटों ने न सिर्फ स्वयं को स्वस्थ रखा बल्कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाने का काम भी किया है। पैरा खिलाड़ी प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में वर्तमान में हरियाणा खेलों का पावर हाउस बन चुका है।
खेल राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की खेल नीति के बूते हमारे खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियन व कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार भी खिलाडिय़ों का पूरा मान व सम्मान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार न सिर्फ खिलाडिय़ों को आर्थिक मजबूती दे रही है बल्कि खेल के दौरान चोटिल होने पर खिलाडिय़ों के इलाज का खर्च भी वहन कर रही है। प्रदेश की खेल नीति देश में सबसे बेहतरीन है। युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रदेश में खेल नर्सरियां खोली गई हैं, जिनमें अभ्यास कर खिलाड़ी सफलता की नई गाथा लिख रहे हैं।
————-
(Udaipur Kiran) शर्मा
