Jammu & Kashmir

गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जम्मू में महर्षि सुश्रुत की प्रतिमा का उद्घाटन, भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा को श्रद्धांजलि

गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जम्मू में महर्षि सुश्रुत की प्रतिमा का उद्घाटन, भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा को श्रद्धांजलि

जम्मू, 15 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा को सम्मान देते हुए पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद गुप्ता ने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जम्मू परिसर में महर्षि सुश्रुत की प्रतिमा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जीएमसी के प्राचार्य एवं डीन डॉ. अशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ संकाय सदस्य, चिकित्सा छात्र और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। महर्षि सुश्रुत को शल्य चिकित्सा के जनक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने सुश्रुत संहिता की रचना की, जिसमें 300 से अधिक शल्य प्रक्रियाओं का विवरण और शरीर रचना, विकृति विज्ञान तथा औषधीय ज्ञान की गहराई से व्याख्या की गई है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अरविंद गुप्ता ने कहा, महर्षि सुश्रुत की चिकित्सा संबंधी विद्या समय से आगे की थी। उनका कार्य आज भी पारंपरिक और आधुनिक चिकित्सा का आधार बना हुआ है। जीएमसी जम्मू जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में उनकी प्रतिमा लगना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जीएमसी केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि चिकित्सा का मंदिर है। सुश्रुत की प्रतिमा यहां के भावी डॉक्टरों और सर्जनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

अरविंद गुप्ता ने यह भी आश्वासन दिया कि वे अपने क्षेत्र में आयुर्वेद जागरूकता अभियान और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा, यह प्रतिमा केवल प्रतीकात्मक न रहे, बल्कि समग्र और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की हमारी प्रतिबद्धता की शुरुआत बने। समारोह में पुष्पांजलि अर्पण और भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा पर आधारित एक संक्षिप्त सांस्कृतिक प्रस्तुति भी हुई। प्राचार्य डॉ. अशुतोष गुप्ता ने इस पहल के लिए विधायक का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सुश्रुत की कालजयी चिकित्सा उपलब्धियों का उपयुक्त सम्मान है और भारतीय चिकित्सा की समृद्ध विरासत की याद दिलाता है।

इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक वीरेन्द्र त्रिसाल, सीडी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजेश शर्मा, उप अधीक्षक डॉ. भरत भूषण, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. संजीव गुप्ता, राजौरी मेडिकल कॉलेज के डॉ. ए.एस. भाटिया, मंडल अध्यक्ष कुशांत प्रजापति सहित भाजपा नेता रोहित गुप्ता, सुदेश जी, रेखा शर्मा, सोनू मनहास, मोहित वैद, भरम ज्योत सत्ती, अनुराधा, पवन कुमार और प्रदीप शर्मा भी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top