– असम में 12,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि से अतिक्रमण हटाया गया
गुवाहाटी, 15 जुलाई (Udaipur Kiran) । असम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने 2021-22 से लेकर 12 जुलाई, 2025 तक 12 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। यह आंकड़ा राज्य के हालिया इतिहास में सबसे बड़े बेदखली अभियानों में से एक को दर्शाता है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यह अभियान कई वित्तीय वर्षों में चलाया गया। वर्ष 2022–23 में सबसे अधिक 4,397.50 हेक्टेयर भूमि को खाली कराया गया। पहले वर्ष यानी 2021–22 में 2,604.12 हेक्टेयर भूमि से अतिक्रमण हटाया गया था।
इसके बाद 2023–24 में 3,401.92 हेक्टेयर और 2024–25 में 961.55 हेक्टेयर भूमि को मुक्त कराया गया। मौजूदा वित्तीय वर्ष में, 12 जुलाई 2025 तक 638.42 हेक्टेयर भूमि पर से अतिक्रमण हटाया जा चुका है। कुल मिलाकर अब तक 12,003.515 हेक्टेयर भूमि को खाली कराया गया है।
मुख्यमंत्री सरमा के शासनकाल में यह बेदखली अभियान सरकार की प्रमुख नीतियों में से एक रहा है। सरकार का कहना है कि यह कदम सरकारी और वन भूमि की रक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा संदेश देने के लिए आवश्यक है।
हालांकि, इन अभियानों को लेकर विपक्षी दलों और नागरिक संगठनों की ओर से आलोचना भी की गई है। उनका कहना है कि इन कार्रवाइयों में मानवीय पहलू की अनदेखी की जा रही है और पुनर्वास की कोई ठोस योजना नहीं है।
विवादों के बावजूद राज्य सरकार का दावा है कि यह अभियान पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत संचालित हो रहा है और कानून के शासन को लागू करने के लिए आवश्यक है।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
