Uttar Pradesh

वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में इतिहास रचने वाली ममता पाल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने किया सम्मानित

वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में इतिहास रचने वाली ममता पाल को सम्मानित करते अजय राय

कहा— यह क्षण न केवल वाराणसी, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात

वाराणसी, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । अमेरिका के अलबामा राज्य के बर्मिंघम शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर बनारस की बेटी ममता पाल ने देश का गौरव बढ़ाया है। 5000 मीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने विश्व पटल पर भारत का परचम लहराया है।

इस असाधारण उपलब्धि के लिए शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ममता पाल का उनके पैतृक गांव राजातालाब के बढ़ैनी खुर्द पहुंचकर भव्य स्वागत और सम्मान किया। अजय राय ने ममता और उनके परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और मिष्ठान्न खिलाकर भावी खेल प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ममता की यह उपलब्धि पूरे देश और खासकर वाराणसी के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है। काशी की इस बेटी ने यह सिद्ध कर दिया कि भारतीय महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने ममता की मेहनत, समर्पण और संघर्षशीलता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल खेल जगत में एक मिसाल कायम की है, बल्कि देश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इस मौके पर ममता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता देश की करोड़ों बेटियों के आत्मविश्वास को नई उड़ान देगी।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top