
मंडी, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज करसोग विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान वह आपदा प्रभावितों से मिले और उन्हें बताया हौसला दिया। उन्होंने आपदा प्रभावितों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हम हिम्मत नहीं हारेंगे। इस कठिन घड़ी में हमें हौसला रखना है और बारिश के मौसम में अपने और अपने परिवार का ध्यान रखना है। उन्होंने कहा कि मेरे गृह विधानसभा क्षेत्र सराज में भी कल्पनातीत तबाही हुई है। बहुत सारे लोगों की जान गई आधारभूत ढांचा बहुत हद तक नष्ट हो चुका है। सड़के ज्यादातर बंद हो गई हैं। इसीलिए यहां पहुंचने में थोड़ा वक्त लगा।
जयराम ठाकुर ने मीडिया के प्रतिनिधियों से बात करते हुए कहा कि करसोग में भी बहुत तबाही हुई है। लोगों की जमीन, खेती, बाग, फसलें सह बह गए हैं। लोगों की निजी संपत्तियों को हद से ज्यादा नुकसान हुआ है। मैं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह करता हूं कि वे वक्त निकाल कर स्वयं करसोग के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करें। तभी उन्हें यहां हुए नुकसान का वास्तविक अंदाजा लग पाएगा। उसी के हिसाब से राहत प्रदान करने की प्रभावी योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि सरकार काम कर रही है लेकिन यह काम हमें युद्ध स्तर पर करना होगा। यहां पर भी लोगों को फौरी राहत तक नहीं मिली है। फौरी राहत सिर्फ लोगों को तत्काल मदद ही नहीं करती है बल्कि उन्हें हौसला भी देती है। साथ ही फौरी राहत लोगों के बीच सरकार की तत्परता और सरकार के होने का एहसास भी करवाती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को जो भी सहायता की जा रही है वह वास्तविक अर्थों में प्रभावितों तक पहुंचे सरकार को इसके लिए भी प्रयास करने चाहिए। जयराम ठाकुर शंकर देहरा होते हुए करसोग पहुंचे और करसोग के अंतर्गत आपदा प्रभावित क्षेत्र सनारली, शरकोल नाला, कुट्टी, पुराना बाजार का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। आपदा ने हर जगह लोगों को बहुत क्रूरता से अपना शिकार बनाया है। बहुत सारे ऐसे लोग हैं कि जिनके पास कुछ नहीं बचा। उनके जीवन भर की कमाई ही आपदा अपने साथ ले नहीं ले गई बल्कि उनके कमाने के साधन भी नष्ट कर दिए।
उन्होंने कहा कि आपदा के तुरंत बाद ही भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रभावितों के लिए राहत सामग्री का प्रबंध किया गया। जिसमें खाने का सामान, राशन, कपड़े जूते, बर्तन, बिस्तर, कंबल जैसी अत्यावश्यक चीज लोगों तक पहुंचाई गई। इसी के साथ ही देश भर से लोगों द्वारा आपदा प्रभावितों को मदद करने का जो प्रयास किया गया वह सराहनीय है। लोगों ने बहुत सहयोग किया और उसी के बलबूते हर आपदा प्रभावित तक हम राहत सामग्री के साथ पहुंच चुके हैं।
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
