
जयपुर, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर टिप्पणी करते हुए उन्हें अनुभवहीन बताया है। उन्होंने कहा कि जो अपने क्षेत्र को नहीं संभाल सकता वो प्रदेश के लायक कैसे हो सकता है।
सुभासपा के प्रदेशाध्यक्ष जयप्रकाश राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल सरकार द्वारा छह हज़ार राजीव गांधी युवा मित्रों को हटाना, एसआई भर्ती रद्द नहीं करना आदि निर्णय उनकी अनुभवहीनता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि एसआई भर्ती मामले में आरोपितों की पहचान होनी चाहिए थी।
राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में चुनावी वादे करने के बाद सत्ता हासिल कर लेते है। उसके बाद आमजन से किए गए वादों को भूल जाते है। आज भाजपा सरकार केवल अपने अभियान चला रही हैं। खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सांगानेर क्षेत्र पानी में डूबा हुआ है। जो अपने क्षेत्र को नहीं संभाल सकता वो प्रदेश के लायक कैसे हो सकता है।
सुभासपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी को लेकर कहा कि अभी हम संगठन को मजबूत कर रहे हैं। अगर जरूरत पड़ी तो सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी नगर निकाय चुनाव में भी भाग लेगी।
—————
(Udaipur Kiran)
